Diseases Search
Close Button
 
 

सुबह उठते ही चेहरा सूजा हुआ दिखे तो क्या सिर्फ नींद जिम्मेदार है?

Information By Dr. Keshav Chauhan     Medically Reviewed by Dr.Partap Chauhan

सुबह आईने में अपना चेहरा थोड़ा फूला हुआ या सूजा हुआ देखना बहुत ही आम बात है। खासकर आंखों के नीचे भारीपन या सूजन सबसे पहले नज़र आती है। हम इसे देखकर खुद से कहते हैं, “लगता है कल रात नींद पूरी नहीं हुई” या “शायद मैं बहुत ज़्यादा सो लिया।” लेकिन क्या हर बार इसके पीछे सिर्फ नींद ही वजह होती है?

चेहरे पर सूजन आने के पीछे कई कारण हो सकते हैं, जैसे शरीर में पानी का जमा होना, रात का खाना, आपके सोने का तरीका, एलर्जी या फिर शरीर के अंदर चल रहे हॉर्मोनल बदलाव। इसलिए सवाल सिर्फ यह नहीं है कि आप कितने घंटे सोए, बल्कि यह भी है कि आपने रात में क्या खाया, कितना पानी पिया और आप कैसे सोए।

सुबह चेहरे पर सूजन दिखना कितना सामान्य है?

सुबह उठकर जैसे ही आप उठकर चलना-फिरना शुरू करते हैं, अपना मुंह धोते हैं और रोज़मर्रा के काम में लगते हैं, तो एक या दो घंटे के अंदर यह सूजन अपने आप गायब हो जाती है। अगर आपके साथ ऐसा होता है, तो यह बिल्कुल नॉर्मल है। लेकिन, अगर यह सूजन दोपहर तक बनी रहती है, रोज़ होती है, या इसके साथ कोई और परेशानी भी महसूस हो रही है, तो इसे सिर्फ 'खराब नींद' मानकर छोड़ देना ठीक नहीं है।

क्या कम या ज़्यादा नींद इसका कारण हो सकती है?

नींद का असर आपके चेहरे पर साफ दिखता है, लेकिन यह इकलौता कारण नहीं है। जब आप कम सोते हैं या आपकी नींद बार-बार टूटती है, तो शरीर पूरी तरह से आराम नहीं कर पाता। इससे आंखों के नीचे काले घेरे और सूजन आ जाती है। इसके अलावा, जो लोग देर रात तक मोबाइल या टीवी देखते हैं, उनकी आंखों की मांसपेशियों पर ज़्यादा जोर पड़ता है, जिससे सुबह आंखें सूजी हुई लगती हैं।

दूसरी तरफ, अगर आप छुट्टी वाले दिन 9-10 घंटे से ज़्यादा सो लेते हैं, तो बहुत लंबे समय तक बिस्तर पर लेटे रहने के कारण भी चेहरे पर पानी जमा हो जाता है और चेहरा फूला हुआ लगता है। 

आपके सोने के तरीके का असर

आप बिस्तर पर किस करवट सोते हैं, यह भी बहुत मायने रखता है। अगर आपको पेट के बल सोने की आदत है, या आप अपना चेहरा तकिए में दबाकर सोते हैं, तो ग्रैविटी की वजह से सारा पानी आपके चेहरे पर आकर जमा हो जाएगा। इससे बचने के लिए आप पीठ के बल सोएं। आप अपने सिर के नीचे एक मुलायम तकिया लगा सकते हैं, ताकि सिर आपके शरीर से थोड़ा सा ऊंचा रहे। 

क्या हॉर्मोनल बदलाव भी एक कारण हो सकता है?

महिलाओं में हार्मोनल बदलाव चेहरे और शरीर की सूजन का एक बहुत बड़ा कारण होते हैं। पीरियड्स शुरू होने से कुछ दिन पहले महिलाओं के शरीर में एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरोन जैसे हार्मोन्स ऊपर-नीचे होते हैं। इसकी वजह से शरीर में पानी रुकने लगता है (वाटर रिटेंशन)। इसी कारण से पीरियड्स के दिनों में चेहरा भारी लगना, पेट फूलना (ब्लोटिंग) बहुत आम बात है।

प्रेगनेंसी (गर्भावस्था) या मेनोपॉज़ के दौरान भी ऐसा ही होता है। अगर आपको महीने के कुछ खास दिनों में ही चेहरे पर सूजन दिखती है, तो समझ जाइए कि यह सिर्फ हार्मोन्स का खेल है और कुछ दिनों में अपने आप ठीक हो जाएगा।

एलर्जी और साइनस (Sinus) की भूमिका

अगर आपके तकिए के कवर पर धूल है, कमरे में सीलन है, या आपके घर में कोई पालतू जानवर है, तो आपको सोते समय हल्की एलर्जी हो सकती है। इस एलर्जी के कारण रात में नाक बंद हो जाती है। जब नाक बंद होती है, तो इंसान मुंह से सांस लेता है और आंखों के आसपास का हिस्सा सूज जाता है। अगर सुबह सूजे हुए चेहरे के साथ आपको छींकें आती हैं, नाक बंद लगती है, आंखों में खुजली होती है या पानी आता है, तो यह एलर्जी या साइनस की समस्या है।

शराब और देर रात खाने का असर

पार्टी के अगले दिन चेहरा अक्सर थका हुआ और सूजा हुआ दिखता है। शराब पीने से शरीर का पानी सूख जाता है (डिहाइड्रेशन)। जब शरीर में पानी की कमी होती है, तो शरीर अगले दिन पानी को सोखकर रखने लगता है। इसके साथ ही, शराब के साथ हम अक्सर नमकीन मूंगफली, चिप्स या मसालेदार खाना खाते हैं। रात को देर से भारी खाना खाने से पेट उसे ठीक से पचा नहीं पाता, नींद खराब होती है और अगले दिन चेहरा भारी लगता है।

यह सूजन किसी बीमारी का इशारा कब हो सकती है?

कभी-कभार चेहरे पर सूजन आना एक बात है, लेकिन इसे हमेशा हल्के में नहीं लेना चाहिए। अगर आप अपना लाइफस्टाइल सही रखते हैं, फिर भी चेहरा लगातार सूजा रहता है, या यह सूजन धीरे-धीरे बढ़ रही है, तो आपको सतर्क हो जाना चाहिए। अगर चेहरे के साथ-साथ आपके पैरों, टखनों या हाथों में भी सूजन आ रही है, तो यह इशारा है कि शरीर के अंदर पानी निकालने वाला सिस्टम ठीक से काम नहीं कर रहा है।

एक्सपर्ट डॉक्टर की विशेष सलाह

रात में ठीक से न सोने या ज़्यादा नमक खाने से सुबह चेहरे पर हल्की सूजन आना आम बात है। लेकिन अगर यह सूजन बहुत ज़्यादा हो, दिन भर कम न हो, या इसके साथ आपको सांस लेने में दिक्कत, पैरों में सूजन या बहुत ज्यादा थकान महसूस हो, तो डॉक्टर को ज़रूर दिखाएं। यह किडनी की बीमारी, थायराइड या किसी गंभीर एलर्जी का संकेत हो सकता है, जिसकी सही जांच होना बहुत ज़रूरी है।

रात में नमक ज़्यादा खा लेना 

रात को अगरआप बाहर का पिज्जा, चिप्स, इंस्टेंट नूडल्स या चाइनीज खाना खाते हो, तो सुबह आपके चेहरे पर सूजन आ सकती है।

नमक (सोडियम) का स्वभाव होता है पानी को सोखना और उसे शरीर में रोककर रखना। जब आप रात के समय बहुत ज़्यादा नमक वाली चीज़े, पैकेट बंद स्नैक्स, अचार या चटनी खाते हैं, तो आपका शरीर उस नमक को बैलेंस करने के लिए एक्स्ट्रा पानी जमा कर लेता है। यह पानी चेहरे, आंखों के नीचे और हाथ-पैरों की उंगलियों में जमा हो जाता है।

पानी कम पीने से सूजन क्यों बढ़ती है?

अगर आप दिनभर में बहुत कम पानी पीते हैं, तो शरीर में पानी की कमी हो सकती है। इस वजह से शरीर हर बूंद पानी को सोखकर स्टोर करने लगता है, जिससे चेहरा और शरीर सूजा हुआ लगने लगता है।

अगर आप दिनभर में सही मात्रा में पानी (कम से कम 8-10 गिलास) पीते रहेंगे, तो शरीर को पानी की कमी नहीं होगी, और वह पानी को पसीने और टॉयलेट के जरिए बाहर निकाल देगा।

किडनी, थायरॉइड और अन्य मेडिकल कारण

हमारे शरीर में पानी को फिल्टर करने का काम किडनी करती है। अगर किडनी ठीक से काम नहीं कर रही है, तो वह एक्स्ट्रा नमक और पानी को बाहर नहीं निकाल पाएगी। ऐसे में यह पानी आंखों के आसपास और पैरों में जमा होने लगता है।

इसी तरह, अगर आपका थायराइड सुस्त हो गया है (हाइपोथायरायडिज्म), तो भी आपका चेहरा भारी और फूला हुआ लग सकता है। थायराइड की समस्या में सूजन के साथ-साथ थकान, बिना वजह वज़न बढ़ना, कब्ज़ और बाल झड़ने जैसी दिक्कतें भी होती हैं। कुछ खास दवाइयों के साइड-इफेक्ट से भी शरीर में पानी जमा हो सकता है।

सूजन कम करने के कुछ आसान तरीके

अगर सूजन सामान्य है और किसी बीमारी की वजह से नहीं है, तो सुबह-सुबह ये छोटे-छोटे तरीके आपके बहुत काम आएंगे:

ठंडे पानी के छींटे: सुबह उठते ही चेहरे को एकदम ठंडे पानी से धोएं। आप चाहें तो एक साफ रुमाल में बर्फ का टुकड़ा लपेटकर आंखों के आसपास हल्के हाथों से घुमा सकते हैं। 


सादा पानी पिएं: सुबह उठते ही सबसे पहले एक या दो गिलास हल्का गुनगुना पानी पिएं। इससे शरीर की अंदरूनी सफाई शुरू हो जाएगी।


चेहरे की हल्की मालिश: मुंह धोते समय अपने गालों और आंखों के नीचे उंगलियों से बहुत हल्के हाथों से मसाज करें (अंदर से बाहर की तरफ)। 

हल्की स्ट्रेचिंग: सुबह उठकर 5-10 मिनट हाथ-पैर खींचें और हल्की एक्सरसाइज करें।


जल्दी डिनर करें: रात का खाना सोने से कम से कम 2 घंटे पहले खा लें और उसमें नमक कम रखें।


डॉक्टर से सलाह कब लेनी चाहिए?

आपको तुरंत डॉक्टर के पास जाना चाहिए अगर:

  • चेहरे के साथ-साथ पैरों और हाथों में भी भारी सूजन हो।

  • आपको सांस लेने में तकलीफ हो रही हो या थोड़ी सी मेहनत पर सांस फूलने लगे।

  • आपके होंठ, जीभ या गले में अचानक सूजन आ जाए।

  • पेशाब आने में दिक्कत हो या उसका रंग बहुत बदल गया हो।

  • हमेशा बहुत ज़्यादा कमज़ोरी या सुस्ती बनी रहती हो।


निष्कर्ष

नींद पूरी न होना एक वजह ज़रूर है, लेकिन यह पूरी सच्चाई नहीं है। आप रात में क्या खाते हैं, कितना नमक लेते हैं, पानी कितना पीते हैं, और आपका बिस्तर या सोने का तरीका कैसा है, यह सब मिलकर तय करते हैं कि सुबह आप आईने में कैसे दिखेंगे।

अगर यह कभी-कभार होता है और थोड़ी देर में ठीक हो जाता है, तो बस अपनी आदतों (लाइफस्टाइल) में थोड़ा सुधार कर लें। पानी खूब पिएं और रात को जंक फूड से दूर रहें। लेकिन अगर यह आपकी रोज़ की परेशानी बन गई है, तो इसे सिर्फ 'नींद की कमी' समझकर टालें नहीं।

References

Facial Swelling as a Primary Manifestation of Multiple Myeloma - PMC 

Intermittent facial swelling - PMC 

Disclaimer: This blog is for informational purposes only and should not be considered medical advice. The content is not intended to replace professional diagnosis, treatment, or medical guidance. For personalised healthcare advice and appropriate treatment, please consult a qualified and experienced Jiva Ayurveda doctor.

FAQs

नहीं, नींद सिर्फ एक कारण है। रात में बहुत ज़्यादा नमक खाना, कम पानी पीना, पेट के बल सोना या किसी तरह की एलर्जी भी चेहरे की सूजन की बड़ी वजह हो सकती है।

अगर आप रात में बहुत ज़्यादा नमक वाली चीज़े खाते हैं, तो शरीर उस नमक को बैलेंस करने के लिए पानी को रोक कर रखता है, जो सुबह चेहरे पर सूजन के रूप में दिखता है।

बिल्कुल! जब आप कम पानी पीते हैं, तो शरीर पानी की कमी महसूस करके जो भी पानी मिलता है उसे सोखकर (स्टोर करके) रखने लगता है। यही जमा हुआ पानी सुबह आपकी आंखों और गालों को भारी बना देता है।

हां, अगर आप पेट के बल या तकिए में मुंह दबाकर सोते हैं, तो सारा पानी आपके चेहरे पर जमा हो जाता है। इसलिए हमेशा पीठ के बल और सिर के नीचे एक हल्का सा तकिया लगाकर सोना बेहतर रहता है।

अगर आपके बिस्तर या तकिए के कवर पर धूल है, तो आपको सोते समय हल्की एलर्जी हो सकती है। इससे रात में नाक बंद हो जाती है और सुबह आंखों के आसपास सूजन और भारीपन आ जाता है।

हां, खासकर महिलाओं में पीरियड्स (मासिक धर्म) से पहले या प्रेगनेंसी के दौरान हार्मोन्स में बदलाव होता है। इसकी वजह से शरीर में पानी रुकने लगता है और चेहरा फूला हुआ लगता है।

उठते ही चेहरे को एकदम ठंडे पानी से धोएं या किसी साफ कपड़े में बर्फ का टुकड़ा लपेटकर हल्के हाथों से आंखों के पास घुमाएं। साथ ही, एक-दो गिलास सादा पानी पिएं, सूजन कम हो जाएगी।

Top Ayurveda Doctors

Social Timeline

Our Happy Patients

  • Sunita Malik - Knee Pain
  • Abhishek Mal - Diabetes
  • Vidit Aggarwal - Psoriasis
  • Shanti - Sleeping Disorder
  • Ranjana - Arthritis
  • Jyoti - Migraine
  • Renu Lamba - Diabetes
  • Kamla Singh - Bulging Disc
  • Rajesh Kumar - Psoriasis
  • Dhruv Dutta - Diabetes
  • Atharva - Respiratory Disease
  • Amey - Skin Problem
  • Asha - Joint Problem
  • Sanjeeta - Joint Pain
  • A B Mukherjee - Acidity
  • Deepak Sharma - Lower Back Pain
  • Vyjayanti - Pcod
  • Sunil Singh - Thyroid
  • Sarla Gupta - Post Surgery Challenges
  • Syed Masood Ahmed - Osteoarthritis & Bp
Book Free Consultation Call Us