आज के ज़माने में मोबाइल चलाना, लैपटॉप पर देर तक काम करना और गलत तरीके से बैठना बहुत आम हो गया है। यही कारण है कि आजकल लोग गर्दन, कंधे और कमर में दर्द की शिकायत ज़्यादा करते हैं। लंबे समय तक गलत तरीके से बैठना, गर्दन नीचे झुकाकर मोबाइल या लैपटॉप चलाने से गर्दन में दर्द की समस्या बढ़ सकती है। हालत बिगड़ने पर यह दर्द गर्दन से लेकर कंधे और कमर तक फैल जाता है, जिससे परेशानी बढ़ जाती है। कुछ लोगों को गर्दन घुमाते ही चक्कर आने लगते है एवं कुछ को हाथों में झनझनाहट महसूस होती है और कुछ का दर्द तो सिर तक पहुंच जाता है।
ऐसा होने पर इसे सामान्य सर्वाइकल का दर्द समझकर इस स्थिति को नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए बल्कि चक्कर आना एवं हाथों में सुन्नपन और झनझनाहट जैसी समस्या को समझना चाहिए।
गर्दन झुकाने पर चक्कर क्यों आते हैं?
सर्वाइकल में कुछ लोगों को गर्दन घूमते ही चक्कर आते है इसका मुख्य कारण है, गर्दन में मौजूद मांसपेशियों, जोड़ों और नसों में परेशानी। ऐसा होने पर गर्दन की गतिविधियों पर बुरा असर पड़ सकता हैं, जिस वजह से चक्कर आना आदि जैसी समस्या हो सकती है।
ऐसा ज़रूरी नहीं है कि उन्हें चक्कर केवल सर्वाइकल की वजह से ही आए, अन्य स्वास्थ्य संबंधी कारण जैसे ब्लड प्रेशर में बदलाव, कान के अंदरूनी हिस्से में समस्या एवं अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्या भी इसका कारण हो सकती है। इसलिए केवल सर्वाइकल को ही चक्कर का कारण समझना उचित नहीं है।
हाथों में झनझनाहट क्यों होती है?
सर्वाइकल की समस्या में हाथों में झनझनाहट होने का मुख्य कारण है, गर्दन की रीढ़ से निकलने वाली नसों पर दबाव पड़ना। गर्दन से निकलने वाली नसें सीधा हाथों तक जाती है और जब इन नसों पर दबाव पड़ता है तो सुन्नपन और झनझनाहट जैसी समस्या होती है। कभी-कभी तो यह इतना बुरा हो जाता है कि हाथों में सामान उठाने की ताकत तक नहीं होती है।
नसों पर दबाव पड़ने के मुख्य कारण हैं:
- बढ़ती उम्र और लगातार गलत पोस्चर में बैठने के कारण गर्दन की हड्डियों में घिसावट आ जाती है जिस वजह से नसों के गुज़रने का रास्ता छोटा हो जाता है, जिस वजह से उस पर दबाव पड़ने लगता है।
- गर्दन की हड्डियों के बीच मौजूद डिस्क अपनी जगह से खिसक जाती है और उसके पास गुज़रने वाली नसों पर दबाव डालने लगती हैं।
- लंबे समय तक गर्दन झुकाकर मोबाइल चलाने से, या लैपटॉप पर बैठकर काम करने से गर्दन के पास मौजूद मांसपेशियों और नसों पर ज़्यादा दबाव पड़ता है।
यही वजह है कि सर्वाइकल की समस्या में गर्दन में दर्द के साथ-साथ हाथों में भी झनझनाहट महसूस होती है।
सर्वाइकल का दर्द सिर तक कैसे पहुंच जाता हैं?
सर्वाइकल का दर्द केवल गर्दन तक सीमित नहीं रहता वो सिर तक भी पहुंच जाता है। यह दर्द गर्दन की समस्या की वजह से होने वाला दर्द है। यह दर्द नसों और मांसपेशियों में जुड़ाव के कारण सिर तक पहुंच जाता है। जब गर्दन की मांसपेशियों में लगातार खिचांव और नसों पर लगातार दबाव पड़ता है तो सिर के पिछले हिस्से में दर्द महसूस होने लगता है। कुछ लोगों में यह दर्द सिर के एक तरफ या फिर माथे तक भी पहुंच जाता है।
गलत पोस्चर में लंबे समय तक बैठने के कारण मांसपेशियों में लगातार दबाव पड़ता है जिस वजह से यह दर्द गर्दन से शुरू होकर सिर तक पहुंच जाता है।
गर्दन के ऊपरी हिस्से में मौजूद नस जब दब जाती है या फिर उनमें सूजन आजाती है तो सिर के पिछले हिस्से से लेकर ऊपर तक बिजली के झटके जैसा चुभने वाला दर्द महसूस होने लगता है।
इसे सर्वाइकल से जुड़ा सिर दर्द माना जाता है, जिसे मेडिकल भाषा में Cervicogenic headache कहा जाता है।
इसमें गर्दन की परेशानी के साथ-साथ सिरदर्द भी बना रह सकता है।
किन गलतियों की वजह से यह परेशानी बढ़ सकती है?
- लंबे समय तक गर्दन झुकाकर फोन चलाने से।
- कंप्यूटर या लैपटॉप पर काम करते समय गलत पोस्चर में बैठना।
- स्क्रीन को अपने आँखों की position से नीचे रखना।
- दर्द होने के बाद भी उसी position में लंबे समय तक बैठे रहना।
- खुद से गर्दन झटकाना या फिर मालिश कराना।
- बहुत ज़्यादा ऊंचा, सख्त या बिना सपोर्ट वाला तकिया इस्तेमाल करना।
- दर्द को लगातार नज़रअंदाज़ करना और खुद से painkiller आदि लेना।
- डॉक्टर से जाँच कराने में देरी करना।
आयुर्वेदिक दृष्टिकोण
आयुर्वेद के अनुसार गर्दन से हाथ तक फैलने वाले दर्द और सुन्नपन को बढ़े हुए वात दोष का परिणाम माना जाता है। यह नसों को कमज़ोर बना देता है। आयुर्वेद कहता है कि गर्दन और जोड़ों से जुड़ी परेशानियां बढ़े हुए वात दोष की वजह से होती हैं। जब वात असंतुलित होती है तो शरीर में जकड़न और दर्द की स्थिति पैदा होती है।
अनियमित दिनचर्या, गलत खान-पान और अत्यधिक तनाव भी शरीर के संतुलन को प्रभावित कर सकते हैं। जब ऐसी स्थिति लंबे समय तक बनी रहती है, तो मांसपेशियों और जोड़ों की लचक कम हो जाती है और दर्द और बढ़ जाता है।
आयुर्वेद के अनुसार इसका उपचार केवल दर्द को कम करना नहीं होता बल्कि इसमें शरीर को सुधारना, मांसपेशियों को पोषण देना और नसों को आराम देना भी शामिल होता है। इसलिए आयुर्वेद औषधियों के साथ-साथ आहार और जीवनशैली को सुधारने पर भी महत्व देता है।
सर्वाइकल का आयुर्वेदिक उपचार:
- आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियां, जैसे: अश्वगंधा, गुग्गुलु, शल्लकी, दशमूल आदि।
- ग्रीवा बस्ती
- नस्य
- पत्र पिंड स्वेदन
- अभ्यंग
इन उपचारो द्वारा सर्वाइकल के दर्द से निजात पाया जा सकता है, पर ध्यान दे यह उपचार किसी योग्य चिकित्सक से ही करवाएं।
डॉक्टर को कब दिखाना चाहिए?
जब सर्वाइकल के दर्द में, गर्दन घुमाते ही चक्कर आने लगे, हाथों में झनझनाहट और सुन्नपन महसूस होने लगें, हाथों की पकड़ कमज़ोर होने लगें तो इसे नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए और बिना किसी देरी के डॉक्टर से तुरंत संपर्क करना चाहिए और अपना इलाज करवाना चाहिए।
डॉक्टर नसों की जाँच और MRI जाँच की सलाह दे सकते हैं।
समस्या गंभीर होने पर बिना किसी देरी के इमरजेंसी मेडिकल सहायता लें।
निष्कर्ष
सर्वाइकल का दर्द हमेशा गर्दन तक ही सीमित रहे ऐसा ज़रूरी नहीं है, यह दर्द गर्दन से शुरू होकर कंधे, कमर, हाथों और सिर तक भी पहुंच सकता है। ऐसे में चक्कर आना एवं हाथों में झनझनाहट और सुन्नपन आदि जैसे लक्षणों को नज़रअंदाज़ नहीं करना चाहिए बल्कि, बिना किसी देरी के तुरंत डॉक्टर से जाँच करानी चाहिए।
विशेषज्ञ की सलाह से कोई उपचार शुरू करना चाहिए। खुद से कभी भी कोई एक्सरसाइज या दवाई न लें।
References
A new treatment for cervical dizziness - PMC
Cervicogenic Headache - StatPearls - NCBI Bookshelf
Cervicogenic headache: a critical review of the current diagnostic criteria - PubMed


































































