जब किसी व्यक्ति को यह पता चलता है कि उसका यूरिक एसिड बढ़ा हुआ है, तो सबसे पहले वो अपनी diet में बदलाव करने लगता है। कोई दाल का सेवन कम कर देता है या फिर कोई पनीर और टमाटर खाना छोड़ देता है। जिससे देखो, वो यही सलाह देने लगता है कि ये मत खाओ, वो मत खाओ, नहीं तो यूरिक एसिड बढ़ जाएगा।
जब इतना परहेज करने के बाद भी यूरिक एसिड कम न हो तो परेशान होना स्वाभाविक है।
दरअसल बात यह है की मात्र 20% यूरिक एसिड हमारे शरीर को खान-पान से मिलता है बाकि 80% यूरिक एसिड हमारा शरीर बनाता है।
जब यूरिक एसिड हमारे शरीर से निकल नहीं पाता है तब यह हमारे शरीर में जमने लगता है जिस वजह से शरीर में यूरिक एसिड का लेवल बढ़ने लगता है।
कुछ चीज़े छोड़ने के बाद भी यूरिक एसिड क्यों नहीं कम होता?
हमारे शरीर में यूरिक एसिड प्यूरीन नामक तत्व के टूटने से बनता है। हमारे शरीर को खाद्य पदार्थ से सिर्फ 20% ही यूरिक एसिड मिलता हैं, बाकि 80% यूरिक एसिड हमारा शरीर खुद बनाता है। हमारे शरीर में किडनी हमारे रक्त में जमा प्यूरीन को फ़िल्टर करके पेशाब के जरिए हमारे शरीर से बाहर निकालती है। जब किडनी ढंग से काम नहीं कर पाती और यूरिक एसिड को हमारे शरीर से बाहर नहीं निकाल पाती तब हमारे शरीर में यूरिक एसिड का लेवल बढ़ने लगता है और कुछ खाद्य पदार्थ जैसे दाल,पनीर, और टमाटर आदि का सेवन बंद करने के बाद भी हमारा यूरिक एसिड लेवल कम नहीं होता।
इसीलिए यूरिक एसिड कम करने के लिए दाल, पनीर और टमाटर छोड़ देना इस समस्या का समाधान नहीं है। बाकि अन्य कारणों पर भी ध्यान देना उतना ही आवश्यक है।
किन कारणों की वजह से यूरिक एसिड कम नहीं होता?
- किडनी ढंग से काम नहीं कर रही: हमारे शरीर में किडनी का काम होता है शरीर से गंदगी बाहर निकालना, किडनी हमारे शरीर से यूरिक एसिड को भी फ़िल्टर करके बाहर निकालती है। जब किडनी ढंग से काम नहीं कर पाती या उसकी कार्यक्षमता में कमी आ जाती है तब वह शरीर से यूरिक एसिड को बाहर नहीं निकाल पाती और यूरिक एसिड शरीर में ही जमने लगता है यही कारण है की diet में बदलाव करने के बाद भी यूरिक एसिड कम नहीं हो पाता है।
- पर्याप्त पानी न पीना: कम पानी पीने की वजह से भी बढ़ सकता है शरीर में यूरिक एसिड का स्तर। कुछ लोग सिर्फ प्यास लगने पर ही पानी पीते है, ठंड में तो पानी पीने की मात्रा बिल्कुल ही कम हो जाती है जिस वजह से शरीर में ढंग से पेशाब नहीं बन पाता या फिर पेशाब गाढ़ा हो जाता है, यही वजह है की यूरिक एसिड फ़िल्टर करने के प्रतिक्रिया प्रभावित हो जाती है और शरीर से यूरिक एसिड बाहर नहीं निकल पाता।
- अधिक मीठा खान-पान: मीठे खाद्य और पेय पदार्थों जैसे पैकेज्ड जूस, कोल्ड ड्रिंक आदि में फ्रुक्टोज (fructose) मौजूद होता है, जो शरीर में यूरिक एसिड का स्तर बढ़ाने में अधिक योगदान देता है। दाल, पनीर और टमाटर आदि का सेवन छोड़ देने पर भी मीठे पदार्थों के सेवन से आपके शरीर में यूरिक एसिड कम होने के बजाय और बढ़ता है।
- बढ़ता वजन: वजन बढ़ने की वजह से इसका असर शरीर के मेटाबॉलिज्म पर पड़ता है। मोटापे का संबंध यूरिक एसिड से भी होता है इसलिए सिर्फ कुछ खाद्य पदार्थो का सेवन छोड़ देने से यूरिक एसिड लेवल कम नहीं होगा, उसे कम करने के लिए वजन को संतुलित रखना भी आवश्यक है।
- दवाइयों का सेवन: कई बार कुछ विशेष दवाइयों के सेवन से भी यूरिक एसिड लेवल बढ़ सकता है जैसे, ब्लड प्रेशर की दवाइयां आदि। इसलिए केवल diet पर ध्यान देने से यूरिक एसिड लेवल कम नहीं हो सकता। डॉक्टर से सलाह लेकर ही अगला कदम लें, खुद से दवाइयों का सेवन बंद न करें।
यूरिक एसिड को नियंत्रित रखने के लिए क्या करें?
आज कल लोगो को जैसे ही पता चलता है की उनका यूरिक एसिड लेवल बढ़ गया है तो वो अपनी पसंदीदा खान-पान से परहेज करने लगते हैं। जो कुछ हद तक ठीक है पर हमारे शरीर को सिर्फ 20% यूरिक एसिड खान पान से मिलता है, बाकि का यूरिक एसिड हमारा शरीर स्वयं बनाता है। इसलिए यूरिक एसिड कम करने के लिए बहुत कठिन diet अपनाने की ज़रूरत नहीं है केवल छोटे-छोटे बदलावों से भी यूरिक एसिड नियंत्रित रखा जा सकता है। जैसे:
- यदि डॉक्टर ने कोई सीमित सीमा नहीं दी हो, तो दिन भर में खूब पानी पिएँ।
- प्रोटीन का सेवन बिल्कुल बंद न करें, संतुलित तरीके से प्रोटीन का सेवन कर सकते है।
- रेड मीट, सीफूड, शराब और बीयर, कोल्ड ड्रिंक्स, पैकेज्ड जूस आदि का सेवन बिल्कुल बंद करें।
- फाइबर युक्त आहार जैसे ओट्स,दलिया, साबुत अनाज और ताजे फल जैसे सेब, संतरा आदि शामिल करें। ऐसे खाद्य पदार्थ जो फाइबर और विटामिन-सी से भरपूर हो।
- अपना वजन नियंत्रित रखें।
- रोज़ाना थोड़ा टहले या फिर हलकी एक्सरसाइज करें इसे वजन भी नियंत्रित रहता है और शरीर की मूवमेंट भी अच्छे से होती है।
यदि इन सब बदलावों के बाद भी शरीर में यूरिक एसिड बना रहता है तो डॉक्टर से सलाह ले। कुछ लोगों को यूरिक एसिड नियंत्रित रखने के लिए दवाओं की भी ज़रूरत पड़ती है।
आयुर्वेदिक दृष्टिकोण
दाल, पनीर और टमाटर बंद करने के बाद भी यूरिक एसिड का कम न होना बहुत ही आम स्थिति है। आयुर्वेद के अनुसार, दाल, पनीर और टमाटर यूरिक एसिड बढ़ाने के मुख्य कारण नहीं होते हैं। आयुर्वेद में यूरिक एसिड के बढ़ने को वात दोष और रक्त धातु के असंतुलन से जोड़ा जाता है। जब पाचन अग्नि कमज़ोर हो जाती है, तो वह भोजन को ठीक से नहीं पचा पाती, जिससे 'आम' (टॉक्सिन्स) का निर्माण होता है। यही आम रक्त में मिलकर जोड़ों में जमा होने लगता है, जिससे सूजन और दर्द जैसी समस्याएं पैदा होती हैं।
आयुर्वेद के अनुसार दाल, खून में यूरिक एसिड को अचानक नहीं बढ़ाता, और पनीर लौ-फैट उत्पाद है जो किडनी को यूरिक एसिड को बाहर निकालने में सहायक होता हैं। इन्हे पूरी तरह बंद करने से शरीर में कमज़ोरी और मांसपेशियों को नुकसान हो सकता है।
आयुर्वेदिक तरीके से यूरिक एसिड नियंत्रित करने के लिए पंचकर्मा की सहायता ली जा सकती है।
घरेलु उपाय जैसे, पर्याप्त पानी पीना, आंवला,लौकी और करेले के जूस का खाली पेट सेवन भी फायदेमंद हो सकता है, और अजवाइन, गिलोय या हल्दी के सेवन से वात दोष और सूजन कम की जा सकती है। इन तरीको को अपनाकर भी यूरिक एसिड को नियंत्रित किया जा सकता है।
निष्कर्ष
यूरिक एसिड बढ़ने पर दाल, पनीर और टमाटर छोड़ देना एक सही फैसला हो ऐसा ज़रूरी नहीं है। यूरिक एसिड बढ़ने के पीछे सिर्फ इन्ही पदार्थो को कारण मानना गलत है। कम पानी पीना, किडनी का ढंग से काम न करना, कम शारीरिक गतिविधियां और अन्य कारणों की वजह से भी यूरिक एसिड बढ़ सकता है। इसलिए diet में पाबंदियां लगाना समझदारी नहीं है। सही जाँच, संतुलित भोजन, दिनचर्या और डॉक्टर की सलाह से भी यूरिक एसिड को नियंत्रित किया जा सकता है।
References
Uric Acid - Clinical Methods - NCBI Bookshelf
Uric Acid, Hyperuricemia and Vascular Diseases - PMC
Gout and Diet: A Comprehensive Review of Mechanisms and Management - PMC

































































